ऐकेश्वर/पौड़ी | सेवा भारत टाइम्स। प्रदेश के लोक निर्माण, सिंचाई, पर्यटन, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने सोमवार को विकासखण्ड ऐकेश्वर के संगलाकोटी क्षेत्र में 73 लाख 16 हजार रुपये की लागत से बनने वाले मोटर मार्ग निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
राज्य योजना के तहत बनने वाले तिलखोली मोटर मार्ग के संगलाकोटी बैंड से संगलाकोटी गांव तक द्वितीय चरण (स्टेज-2) के निर्माण कार्य से क्षेत्रीय जनता को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि ग्राम सभा की मांग पर तीन वर्ष पूर्व इस मोटर मार्ग के प्रथम चरण को स्वीकृति दी गई थी। दूसरे वर्ष स्टेज-1 का कार्य पूरा किया गया और अब तीसरे वर्ष में स्टेज-2 की स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि इस चरण में स्कबर, नालियां और पुस्तों का निर्माण कार्य किया जाएगा।
महाराज ने कहा कि उनकी प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधाओं से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि सतपुली-रीठाखाल-संगलाकोटी-पोखड़ा मोटरमार्ग की स्थिति में सुधार किया गया है। साथ ही संगलाकोटी-भेड़गांव-बड़ेत और कोलाबिजोरा पानी के बीच सड़क निर्माण की पुरानी समस्या का समाधान करते हुए रिंग रोड का निर्माण कराया गया।
उन्होंने यह भी बताया कि संगलाकोटी बाजार से कमलपुर इंटर कॉलेज तक मोटर मार्ग बनाया गया है तथा आपदा के दौरान बाजार क्षेत्र में आई समस्याओं को दूर करते हुए नाली निर्माण, सड़क टाइल्स और मलबा हटाने का कार्य भी पूरा किया गया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश नैथाण, जिला पंचायत सदस्य बलवंत सिंह, बूथ अध्यक्ष हरीश पोखरियाल, पूर्व प्रधान पार्वती देवी, मंडल महामंत्री सुनील रावत, भाजपा युवा नेता सुयश रावत, बीडीसी सदस्य सुभाष जोशी समेत कई जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।