सारमंग देहरादून मैराथन में 618 धावकों ने भरी रफ्तार, 9 देशों के प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा - Seva Bharat Times

सारमंग देहरादून मैराथन में 618 धावकों ने भरी रफ्तार, 9 देशों के प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

देहरादून। रायपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में सारमंग देहरादून मैराथन के पांचवें संस्करण का आयोजन उत्साह और जोश के साथ संपन्न हुआ। विभिन्न श्रेणियों में कुल 618 प्रतिभागियों ने दौड़ लगाई। खास बात यह रही कि मैराथन में 105 शहरों और 9 देशों के धावकों ने हिस्सा लिया।

विदेशी प्रतिभागियों में जापान, नेपाल, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, जर्मनी, आयरलैंड, इजराइल और यूनाइटेड किंगडम के धावक शामिल रहे। आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विशेष पहचान हासिल है। सारमंग देहरादून मैराथन एसोसिएशन ऑफ इंटरनेशनल मैराथन्स एंड डिस्टेंस रेसेस (AIMS) की सदस्य है और इसके रेस रूट वर्ल्ड एथलेटिक्स से प्रमाणित हैं। यह दौड़ एबॉट वर्ल्ड मैराथन मेजर्स वांडा एज ग्रुप वर्ल्ड रैंकिंग्स के लिए क्वालिफाइंग रेस भी है।

पहली बार शामिल हुई 51 किमी अल्ट्रा मैराथन

इस वर्ष के आयोजन में पहली बार 51 किलोमीटर अल्ट्रा मैराथन को शामिल किया गया। इसके अलावा 42.195 किमी मैराथन, 21.0975 किमी हाफ मैराथन, 10 किमी, 5 किमी और 2 किमी दौड़ आयोजित की गईं।

51 किमी अल्ट्रा मैराथन सुबह 4 बजे शुरू हुई और यह आयोजन की पहली रेस रही। इसके बाद क्रमशः मैराथन, हाफ मैराथन, 10 किमी, 5 किमी और 2 किमी दौड़ आयोजित की गईं।

इन धावकों ने हासिल किया पहला स्थान

  • 51 किमी अल्ट्रा मैराथन: पुरुष वर्ग में रश्मि रंजन, महिला वर्ग में सुषमा जैन
  • 42.195 किमी मैराथन: पुरुष वर्ग में सुरेश कुमार, महिला वर्ग में आशा सिंह
  • 21.0975 किमी हाफ मैराथन: पुरुष वर्ग में संचित तहिलवाल, महिला वर्ग में अंजलि राणा
  • 10 किमी दौड़: पुरुष वर्ग में अक्षय कुमार, महिला वर्ग में नीरू रंजन
  • 5 किमी दौड़: पुरुष वर्ग में गौरव मिश्रा, महिला वर्ग में नमिता गौर

कार्यक्रम में रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न प्रतिस्पर्धी श्रेणियों में शीर्ष तीन स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफियां प्रदान कर सम्मानित किया।

सारमंग देहरादून मैराथन का यह संस्करण फिटनेस, खेल भावना और अंतरराष्ट्रीय भागीदारी का शानदार संगम बना, जिसमें देश-विदेश के धावकों ने देहरादून की धरती पर अपनी प्रतिभा और जज्बे का प्रदर्शन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *