पर्यटकों के आकर्षण का नया केंद्र बनेगा सफेद बाघ ‘तेजस: मुख्यमंत्री धामी ने किया लोकार्पण - Seva Bharat Times

पर्यटकों के आकर्षण का नया केंद्र बनेगा सफेद बाघ ‘तेजस: मुख्यमंत्री धामी ने किया लोकार्पण

सफेद बाघ ‘तेजस’ से बढ़ेगी देहरादून चिड़ियाघर की रौनक, कॉलेज विद्यार्थियों को मिलेगी मुफ्त एंट्री 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मालसी स्थित देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के नवनिर्मित बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया। सफेद बाघ के आगमन से चिड़ियाघर में पर्यटकों के आकर्षण में और वृद्धि होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘तेजस’ के आने से पर्यटकों को वन्यजीवों के अवलोकन का एक नया अनुभव मिलेगा और देहरादून चिड़ियाघर की पहचान को और मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां प्रतिवर्ष लगभग 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं, जिससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय प्राप्त होती है। सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में पहली बार इस प्रकार का सफेद बाघ लाया गया है। इससे पहले भी चिड़ियाघर में दो अन्य प्रजातियों के बाघ लाए गए थे, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं।

कॉलेज के विद्यार्थियों को मिलेगी मुफ्त एंट्री

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि अब कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी देहरादून चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश की सुविधा प्रदान की जाएगी। इससे पहले बच्चों के लिए निःशुल्क भ्रमण की व्यवस्था की गई थी, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है। चिड़ियाघर के भ्रमण से विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ प्रकृति और पारिस्थितिकी तंत्र को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।

पर्यटन के साथ पर्यावरण संरक्षण भी प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर केवल पर्यटन का केंद्र नहीं है, बल्कि वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। यहां आने वाले बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, वनों की जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र के महत्व को समझने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड भौगोलिक एवं पर्यावरणीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को प्रतिवर्ष विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। राज्य सरकार की प्राथमिकता पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन स्थापित करते हुए विकास को आगे बढ़ाना है।

प्राकृतिक धरोहर का संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड देश के सर्वाधिक वन क्षेत्र वाले प्रमुख राज्यों में शामिल है। प्रदेश की समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता हमारी अमूल्य प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना भी आवश्यक है। देहरादून चिड़ियाघर जैसे संस्थान इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आर.के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *