MTB चैलेंज से दुनिया देखेगी उत्तराखंड की खूबसूरती, पर्यटन और स्थानीय रोजगार को मिलेगा बढ़ावा : मुख्यमंत्री धामी - Seva Bharat Times

MTB चैलेंज से दुनिया देखेगी उत्तराखंड की खूबसूरती, पर्यटन और स्थानीय रोजगार को मिलेगा बढ़ावा : मुख्यमंत्री धामी

हल्द्वानी/मुक्तेश्वर। उत्तराखंड को साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 एक महत्वपूर्ण आयोजन बनने जा रहा है। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से आयोजित इस रोमांचक साइकिलिंग प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे 80 साइकिलिस्ट हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता प्रदेश के 10 जनपदों से होकर 658 किलोमीटर का सफर तय करेगी और 26 नवंबर को मसूरी में इसका समापन होगा।

प्रतियोगिता के शुभारंभ की पूर्व संध्या पर मुक्तेश्वर स्थित सुकमा रिजॉर्ट में भव्य गाला डिनर कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया और उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज जैसे आयोजन राज्य के विभिन्न जनपदों, घाटियों और नगरों को एक सूत्र में पिरोने का कार्य कर रहे हैं। ऐसे आयोजन केवल खेल प्रतियोगिताएं नहीं हैं, बल्कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध लोकसंस्कृति और पर्यटन संभावनाओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी हैं।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान देश-विदेश से आने वाले साइकिलिस्टों और पर्यटकों को उत्तराखंड की हिमालयी घाटियों, जैव विविधता, पारंपरिक खानपान, रीति-रिवाजों और स्थानीय संस्कृति को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। इससे प्रदेश की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत होगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार तथा स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं। इनके माध्यम से स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक कला और पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान मिलती है। उन्होंने विश्वास जताया कि MTB चैलेंज उत्तराखंड को एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

लोकसंस्कृति की रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां

गाला डिनर कार्यक्रम में उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की भी शानदार झलक देखने को मिली। संकल्प ग्रुप, कुमाऊं सांस्कृतिक उत्थान समिति, खुरपाताल तथा नई दिशाएं, नैनीताल के सांस्कृतिक दलों ने पारंपरिक लोकगीतों, लोकनृत्यों और लोकधुनों की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोक प्रेमगाथा राजुला-मालूशाही पर आधारित नृत्य प्रस्तुति रही। कलाकारों ने अपने नृत्य और संगीत के माध्यम से राजुला-मालूशाही के प्रेम, समर्पण, संघर्ष और विरह की भावनाओं को जीवंत कर दिया।

इसके साथ ही ‘तेरो नथुली को डोर’ गीत पर प्रस्तुत छपेली लोकनृत्य ने भी खूब तालियां बटोरीं। पारंपरिक वेशभूषा, मधुर लोकधुनों और आकर्षक नृत्य मुद्राओं के माध्यम से कलाकारों ने कुमाऊं की लोकपरंपराओं और पहाड़ी जीवनशैली की खूबसूरत झलक प्रस्तुत की।

गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी

इस अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, महाप्रबंधक मनीष सिंह, सीआईएफ के संयुक्त सचिव शैलेन्द्र पाठक, पर्यटन विकास परिषद के सदस्य नितिन राणा, गिरधर मनराल सहित प्रतियोगिता के प्रतिभागी, अतिथिगण एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

658 किलोमीटर की यह रोमांचक साइकिलिंग प्रतियोगिता उत्तराखंड के 10 जनपदों से गुजरते हुए 26 नवंबर को मसूरी में संपन्न होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *