उत्तराखंड की बेटी डॉ. पूजा गौड़ को अंतरराष्ट्रीय चेंजमेकर अवार्ड-2026, कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किया सम्मानित - Seva Bharat Times

उत्तराखंड की बेटी डॉ. पूजा गौड़ को अंतरराष्ट्रीय चेंजमेकर अवार्ड-2026, कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किया सम्मानित

महिला किसानों को बाजार से जोड़ने और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने में योगदान के लिए मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान

देहरादून। उत्तराखंड की प्रतिभाशाली बेटी डॉ. पूजा गौड़ ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी उपलब्धि से प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित इंटरनेशनल चेंजमेकर अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि पर प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने डॉ. पूजा गौड़ को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सम्मानित किया।

संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा घोषित इंटरनेशनल ईयर ऑफ द वुमेन फार्मर-2026 के अवसर पर अग्रया के तत्वावधान में यूरोप के बोलोनिया शहर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय समिट में डॉ. पूजा गौड़ को यह सम्मान प्रदान किया गया। इस समिट में दुनिया के 40 से अधिक देशों ने प्रतिभाग किया। भारत की ओर से डॉ. पूजा गौड़ का चयन उनके उत्कृष्ट कार्यों और उल्लेखनीय योगदान के आधार पर किया गया।

डॉ. पूजा गौड़ को यह अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार महिला किसानों को विपणन व्यवस्था से जोड़ने, सहकारिता को प्रोत्साहित करने, व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के क्षेत्र में उनके सराहनीय कार्यों के लिए दिया गया। उनके प्रयासों का उद्देश्य महिला किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और कृषि क्षेत्र में उनके लिए नए अवसर उपलब्ध कराना है।

इससे पूर्व भी डॉ. पूजा गौड़ को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतिष्ठित संस्थानों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिला यह पुरस्कार उनके कार्यों को नई पहचान देने के साथ ही उत्तराखंड के लिए भी गौरव का विषय है।

इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा और कार्यों से देश का मान बढ़ाया है। यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व और गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि डॉ. पूजा गौड़ ने महिला किसानों को सशक्त बनाने, उन्हें बाजार से जोड़ने, सहकारिता को बढ़ावा देने और आधुनिक तकनीक के माध्यम से कृषि क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सराहनीय कार्य किया है।

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। डॉ. पूजा गौड़ जैसी प्रतिभाएं महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

अंतरराष्ट्रीय सम्मान हासिल कर डॉ. पूजा गौड़ ने उत्तराखंड की बेटियों के लिए एक नई प्रेरणा प्रस्तुत की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *