जन शिकायतों के निस्तारण में कासगंज पुलिस का प्रदेश में डंका, IG RS रैंकिंग में हासिल किया पहला स्थान - Seva Bharat Times

जन शिकायतों के निस्तारण में कासगंज पुलिस का प्रदेश में डंका, IG RS रैंकिंग में हासिल किया पहला स्थान

125 में से 125 अंक हासिल कर बनी यूपी की नंबर-1 पुलिस, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण शिकायत निस्तारण का मिला पुरस्कार

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस नीति और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की मंशा के अनुरूप उत्तर प्रदेश की कासगंज पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। अक्टूबर 2026 की आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) रैंकिंग में कासगंज पुलिस ने शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में शीर्ष स्थान पर कब्जा जमाया है।

पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह के पर्यवेक्षण में जनपद पुलिस ने कुल 125 में से 125 अंक हासिल किए। इस उपलब्धि के साथ कासगंज पुलिस ने जन शिकायतों के निस्तारण में अपनी कार्यक्षमता, जवाबदेही और बेहतर कार्यप्रणाली का परिचय दिया है।

टीम वर्क से मिली बड़ी सफलता

पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या को गंभीरता से सुनना और उसका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि इस सफलता के पीछे जनपद के सभी थाना प्रभारियों, क्षेत्राधिकारियों (सीओ) और आईजीआरएस सेल की सामूहिक मेहनत एवं बेहतर समन्वय रहा है। सभी ने टीम भावना के साथ शिकायतों के निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया, जिसका परिणाम प्रदेश में पहला स्थान मिलने के रूप में सामने आया।

पीड़ित को न्याय दिलाना पुलिस का मुख्य लक्ष्य

एसपी ओ.पी. सिंह ने इस उपलब्धि के लिए जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। साथ ही भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी के साथ जन शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य पीड़ित को न्याय दिलाना और आमजन का पुलिस पर विश्वास मजबूत करना है। कासगंज पुलिस की यह उपलब्धि अन्य जनपदों के लिए भी बेहतर जनशिकायत निस्तारण की दिशा में प्रेरणादायक साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *