बाजारों में दिन में तीन बार होगी अग्निशमन वाहनों की गश्त, 90 प्रतिशत से अधिक फायर हाइड्रेंट क्रियाशील
देहरादून। दीपावली के त्योहार पर आगजनी की घटनाओं को रोकने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए देहरादून जिला प्रशासन और अग्निशमन विभाग अलर्ट मोड पर आ गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद में अग्नि सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इसके तहत शहर के 41 स्थानों पर पानी के टैंकर उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि 23 संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर फायर टैंकर तैनात रहेंगे। इसका उद्देश्य आग लगने की सूचना मिलते ही बिना देरी के राहत एवं बचाव कार्य शुरू करना है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अभिनव त्यागी ने बताया कि दीपावली के दौरान बाजारों, व्यस्त मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जनपद के फायर हाइड्रेंट की नियमित जांच और निगरानी की जा रही है। वर्तमान में 90 प्रतिशत से अधिक फायर हाइड्रेंट क्रियाशील हैं, जबकि शेष को भी जल्द दुरुस्त कराने की कार्रवाई की जा रही है।
बाजारों में तीन बार होगी फायर वाहनों की गश्त
अग्निशमन विभाग ने त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए विशेष गश्ती अभियान शुरू किया है। प्रत्येक तहसील के अंतर्गत आने वाले फायर स्टेशनों के अग्निशमन वाहन बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में दिन में तीन बार गश्त करेंगे। इससे किसी भी संभावित आगजनी की घटना पर तत्काल कार्रवाई की जा सकेगी।
व्यापारियों को दिए सुरक्षा के निर्देश
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने व्यापारियों और प्रतिष्ठान संचालकों से विद्युत सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दुकानों में निर्धारित क्षमता से अधिक बिजली का लोड न लें तथा विद्युत कनेक्शन और उपकरणों का सुरक्षित उपयोग सुनिश्चित करें। इसके साथ ही दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन करना भी अनिवार्य है।
अग्निशमन वाहनों के रास्ते में न खड़े करें वाहन
विभाग ने बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और अग्निशमन वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध रखने की अपील की है। संकरी सड़कों और बाजारों में अतिक्रमण या वाहनों की अनावश्यक पार्किंग आपात स्थिति में राहत कार्य में बाधा बन सकती है।
अग्निशमन विभाग के अनुसार दीपावली पर सुरक्षित माहौल बनाए रखने के लिए विभागीय टीमें पूरी मुस्तैदी से तैनात रहेंगी। विभाग ने आमजन और व्यापारियों से अपील की है कि वे सतर्कता बरतें और सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि रोशनी के इस पर्व को सुरक्षित एवं खुशहाल बनाया जा सके।