उमेश कुमार का बड़ा ऐलान: विधानसभा सदस्यता से देंगे इस्तीफा, बोले- न कांग्रेस में जाऊंगा, न भाजपा में - Seva Bharat Times

उमेश कुमार का बड़ा ऐलान: विधानसभा सदस्यता से देंगे इस्तीफा, बोले- न कांग्रेस में जाऊंगा, न भाजपा में

विपक्ष पर जनहित के मुद्दों की अनदेखी का आरोप, किसानों की बर्बाद फसलों को लेकर उठाए सवाल

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा के दो दिवसीय सत्र की शुरुआत से पहले हरिद्वार जिले की खानपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा देने का ऐलान कर प्रदेश की सियासत में हलचल पैदा कर दी है। उन्होंने विपक्ष पर जनता के मुद्दों को गंभीरता से नहीं उठाने और जनहित के बजाय राजनीतिक फायदे की रणनीति पर काम करने का आरोप लगाया है। उमेश कुमार ने घोषणा की कि वह बुधवार को विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देंगे।

उमेश कुमार ने कहा कि जनता के हितों की रक्षा के लिए जिस तरह विपक्ष को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए, वैसा नहीं हो रहा है। उनके अनुसार, विपक्षी दल जनसमस्याओं को लेकर गंभीर होने के बजाय अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने में जुटे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के हितों और समस्याओं की किसी को परवाह नहीं है।

‘न कांग्रेस में जाऊंगा, न भाजपा में’

निर्दलीय विधायक ने स्पष्ट किया कि उनका किसी भी राजनीतिक दल में शामिल होने का इरादा नहीं है। उन्होंने कहा कि वह न कांग्रेस में जाएंगे और न भाजपा में। वह खुद को जनसेवक मानते हैं और जनता के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।

उमेश कुमार ने दोनों प्रमुख दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि वह कांग्रेस या भाजपा में जाकर उन नेताओं के समर्थन में नारे नहीं लगा सकते, जो कभी उनके दरवाजे पर आकर बैठते थे। उनके इस बयान को प्रदेश की राजनीति में मौजूदा विपक्षी रणनीति और राजनीतिक दलों के रवैये के प्रति उनकी नाराजगी के तौर पर देखा जा रहा है।

किसानों की बर्बाद फसलों का मुद्दा उठाया

उमेश कुमार ने हरिद्वार जिले में किसानों की फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं, लेकिन इस समस्या पर उनके साथ कोई खड़ा नहीं हो रहा है। उनका आरोप है कि चुनाव नजदीक आते ही विपक्ष जनहित के मुद्दों को पीछे छोड़कर चुनाव जीतने की रणनीति बनाने में जुट गया है।

विधानसभा सत्र से पहले बढ़ी सियासी हलचल

विधानसभा के दो दिवसीय सत्र से ठीक पहले उमेश कुमार की इस्तीफे की घोषणा ने उत्तराखंड की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। अब सबकी निगाहें बुधवार को उनके अगले कदम पर टिकी हैं। हालांकि, उनके इस्तीफे की घोषणा के बाद विधानसभा की ओर से औपचारिक प्रक्रिया और इस्तीफे की स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

फिलहाल उमेश कुमार ने साफ कर दिया है कि उनका राजनीतिक रास्ता किसी दल के साथ जाने के बजाय जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करने का होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *