अक्षय कुमार ने सीएम धामी से की मुलाकात, उत्तराखण्ड की फिल्म नीति और शूटिंग की संभावनाओं पर हुई चर्चा - Seva Bharat Times

अक्षय कुमार ने सीएम धामी से की मुलाकात, उत्तराखण्ड की फिल्म नीति और शूटिंग की संभावनाओं पर हुई चर्चा

मसूरी-लंढौर में आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार, फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने और स्थानीय युवाओं को रोजगार देने पर जोर

देहरादून। उत्तराखण्ड की खूबसूरत वादियां एक बार फिर बॉलीवुड को आकर्षित कर रही हैं। प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश की फिल्म नीति, फिल्म निर्माण की संभावनाओं और उत्तराखण्ड को देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने को लेकर चर्चा हुई।

अक्षय कुमार इन दिनों मसूरी और लंढौर क्षेत्र में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। उनकी फिल्म की शूटिंग से एक बार फिर उत्तराखण्ड की प्राकृतिक सुंदरता और यहां मौजूद फिल्म निर्माण की संभावनाएं चर्चा में हैं।

फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा उत्तराखण्ड

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड अपनी नैसर्गिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध भौगोलिक परिस्थितियों के कारण फिल्म निर्माताओं की पसंद बन रहा है। प्रदेश में बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग होने से राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखण्ड की पहचान एक प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में और मजबूत हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में फिल्म निर्माण की गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य उत्तराखण्ड को फिल्म निर्माताओं के लिए अनुकूल गंतव्य बनाने के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।

फिल्म नीति-2024 से निर्माताओं को मिल रहीं सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड फिल्म नीति-2024 के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। फिल्म निर्माताओं को सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से शूटिंग की अनुमति सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान की व्यवस्था भी की गई है, जिससे प्रदेश में अधिक से अधिक फिल्म परियोजनाओं को आकर्षित किया जा सके।

पर्यटन और स्थानीय कारोबार को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में फिल्म निर्माण की गतिविधियां बढ़ने से स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इसके अलावा फिल्म शूटिंग से पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन और अन्य स्थानीय कारोबार को भी लाभ मिलेगा।

प्रदेश में फिल्मों की शूटिंग बढ़ने से स्थानीय संस्कृति, पर्यटन स्थलों और प्राकृतिक सौंदर्य को देशभर में पहचान मिलने की संभावनाएं भी मजबूत होंगी। राज्य सरकार का प्रयास है कि उत्तराखण्ड की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विशेषताओं को फिल्म उद्योग के साथ जोड़कर प्रदेश के पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *