‘मेरा सपना, मेरी शक्ति’ अभियान से बेटियों को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा, आठ जिलों समेत प्रदेश के विभिन्न यूथ अड्डा केंद्रों पर हुआ शुभारंभ
लखनऊ। नवरात्र के अवसर पर उत्तर प्रदेश में युवाओं और महिला उद्यमियों को आत्मनिर्भरता की राह दिखाने के लिए उत्तर प्रदेश इंडस्ट्रियल कंसल्टेंट्स लिमिटेड (यूपीकॉन) ने एक नई पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में युवाओं को रोजगार के साथ स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए यूपीकॉन ने प्रदेश के विभिन्न यूथ अड्डा केंद्रों पर ‘उद्यमी बडी’ मैस्कॉट का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य युवाओं, विशेषकर बेटियों को अपने सपनों को पहचानने, नए कौशल सीखने और अपने विचारों को सफल व्यवसाय में बदलने के लिए प्रोत्साहित करना है।
लखनऊ, मुरादाबाद, आजमगढ़, मिर्जापुर, गोरखपुर, प्रयागराज, गोंडा और वाराणसी सहित विभिन्न जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में सैकड़ों युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम में अपना व्यवसाय शुरू करने की इच्छुक युवतियों के साथ पहले से उद्यम चला रहीं महिला उद्यमियों ने भी हिस्सा लिया।
‘मेरा सपना, मेरी शक्ति’ से मिला आत्मनिर्भरता का संदेश
कार्यक्रमों के दौरान ‘मेरा सपना, मेरी शक्ति’ गतिविधि के माध्यम से युवाओं को अपनी रुचि, क्षमता और भविष्य के लक्ष्यों को पहचानने का अवसर दिया गया। प्रतिभागियों ने अपने सपनों को लिखने के साथ उन कौशलों के बारे में भी बताया, जिन्हें वे भविष्य में सीखना चाहते हैं। इस गतिविधि का उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा के अनुरूप उद्यमिता के अवसर तलाशने और व्यावसायिक विचारों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करना रहा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।
नई पीढ़ी के सपनों का प्रतीक बनेगा ‘उद्यमी बडी’
एक युवा लड़की के स्वरूप में तैयार किया गया ‘उद्यमी बडी’ मैस्कॉट नई पीढ़ी की आकांक्षाओं, आत्मविश्वास और उद्यमशील सोच का प्रतीक है। यह युवाओं को अपनी प्रतिभा और कौशल के दम पर नए अवसर तलाशने तथा अपनी अलग पहचान बनाने के लिए प्रेरित करेगा।
नवरात्र के दौरान शुरू की गई इस पहल के जरिए महिला शक्ति, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तीकरण का संदेश दिया जा रहा है। इसका विशेष फोकस युवतियों को स्वरोजगार के अवसरों से परिचित कराकर उन्हें भविष्य की सफल उद्यमी बनने के लिए प्रोत्साहित करना है।
सरकारी योजनाओं से व्यवसाय शुरू करने की जानकारी
कार्यक्रमों में युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा), मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना तथा एमएसएमई विभाग की विभिन्न ऋण एवं सहायता योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि उपलब्ध वित्तीय सहायता, सरकारी योजनाओं और विशेषज्ञ मार्गदर्शन का लाभ लेकर वे अपने व्यावसायिक विचारों को वास्तविक व्यवसाय में बदल सकते हैं।
यूथ अड्डा केंद्रों के माध्यम से युवाओं को उद्यमिता संबंधी जानकारी, मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इससे युवाओं में स्वरोजगार के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें रोजगार तलाशने वाले के साथ-साथ रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में मदद मिलने की उम्मीद है।
‘रोजगार तलाशने के साथ रोजगार सृजित करना भी सीखें युवा’
यूपीकॉन के प्रबंध निदेशक प्रवीण सिंह ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं, विशेषकर महिलाओं को उद्यमिता के अवसरों से जोड़ना और उन्हें स्वयं रोजगार सृजित करने के लिए प्रेरित करना है। यूथ अड्डा के माध्यम से युवाओं को उद्यमिता संबंधी जानकारी, मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ‘उद्यमी बडी’ केवल एक मैस्कॉट नहीं, बल्कि युवाओं को बड़े सपने देखने, नए कौशल सीखने और अपने पैरों पर खड़े होने की प्रेरणा देने वाला संदेश है।
यूपीकॉन की यह पहल युवाओं और महिलाओं में उद्यमशीलता की सोच विकसित करने तथा प्रदेश में स्वरोजगार के नए अवसरों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।