दूध लेकर नैनीताल आ रहा ट्रक खाई में गिरा, चालक घायल; पुलिस ने किया रेस्क्यू - Seva Bharat Times

दूध लेकर नैनीताल आ रहा ट्रक खाई में गिरा, चालक घायल; पुलिस ने किया रेस्क्यू

नैनीताल। सोमवार तड़के नैनीताल के समीप दो गांव क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दूध और अन्य डेयरी प्रोडक्ट लेकर नैनीताल आ रहा ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया। गनीमत रही कि चालक ने बीच खाई में ही ट्रक से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई।

जानकारी के अनुसार सुयालबाड़ी, रामगढ़ निवासी बालम सुयाल सोमवार तड़के ट्रक संख्या UK04-A-9728 से आनंदा डेयरी का दूध और अन्य डेयरी उत्पाद लेकर नैनीताल की ओर आ रहे थे। दो गांव के समीप पहुंचते ही वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे के दौरान चालक ने बीच खाई में ही वाहन से छलांग लगा दी, लेकिन वह घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही ज्योलीकोट पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। कांस्टेबल मलकीत सिंह, अनूप सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को खाई से बाहर निकाला।

इसके बाद घायल चालक को 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए हल्द्वानी भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

वहीं, हादसे में ट्रक में लदा हजारों रुपये का दूध और अन्य डेयरी प्रोडक्ट बर्बाद हो गया। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *