चार महीने पहले हुई थी शादी, नैनीताल घूमने निकले दंपती का सफर बना आखिरी यात्रा
रामनगर/नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में रामनगर के पास पीरूमदारा क्षेत्र में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी यतीश यादव (24) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी शीतल गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल शीतल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दिल्ली-एनसीआर के निजी अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार हादसा देर रात करीब 1:20 बजे पीरूमदारा से आगे चौधरी ढाबे के पास हुआ। गाजियाबाद निवासी यतीश यादव अपनी पत्नी शीतल के साथ नई स्कॉर्पियो से काशीपुर से रामनगर होते हुए नैनीताल जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे 22-टायरा डंपर से उनकी स्कॉर्पियो की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो चला रहे यतीश यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी शीतल गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी थे यतीश
यतीश यादव मूल रूप से गांव शाहपुर बमेठा, थाना वेव सिटी, गाजियाबाद के निवासी थे। वह राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी थे और वर्ष 2021 में एक प्रतियोगिता में विजेता भी रहे थे। बताया गया है कि यतीश एक निजी स्कूल में बच्चों को पढ़ाते थे, जबकि उनकी पत्नी शीतल पेशे से डॉक्टर हैं।
चार महीने पहले हुई थी शादी
यतीश और शीतल की शादी महज चार महीने पहले हुई थी। शादी के बाद दोनों पहली बार नैनीताल घूमने निकले थे। परिवार के लिए खुशियों से शुरू हुआ यह सफर अचानक जिंदगी भर का दुख बन गया।
हादसे की सूचना मिलते ही यतीश के परिजन रामनगर संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
पिता ने लगाया तेज रफ्तार डंपर चालक पर आरोप
यतीश के पिता सुरेश यादव ने आरोप लगाया कि डंपर चालक तेज रफ्तार में था और ओवरटेक करते समय गलत दिशा में आ गया, जिससे उनके बेटे की कार से टक्कर हुई। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।