छात्रावास पहुंचे मंत्री गणेश जोशी, विद्यार्थियों को बांटी शैक्षणिक सामग्री

गांधी-शास्त्री के आदर्शों को जीवन में उतारने का किया आह्वान, खेल मैदान निर्माण की मांग पर कार्रवाई का आश्वासन

मसूरी। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने झड़ीपानी स्थित सुभाष चंद्र बोस छात्रावास में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का आयोजन समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत किया गया। इस दौरान मंत्री ने छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की और बच्चों से संवाद कर उनकी शिक्षा एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों एवं आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत तथा शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने बच्चों से इन आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने की अपील की।

मंत्री ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला है। बच्चों को बेहतर शिक्षा और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उनके भविष्य को मजबूत किया जा सकता है। समग्र शिक्षा अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक संसाधन और सीखने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ पहुंचाना है। बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास के लिए उपलब्ध सुविधाओं को और बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान छात्रावास प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए परिसर में खेल मैदान विकसित करने की मांग भी रखी गई। प्रबंधन ने बताया कि खेल मैदान उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियों के लिए बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मांग का संज्ञान लेते हुए आश्वासन दिया कि बच्चों को खेल एवं शारीरिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खेल मैदान निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। शैक्षणिक सामग्री मिलने पर बच्चों ने प्रसन्नता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *