एकलव्य विद्यालय को उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान बनाने पर जोर, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
बाजपुर/ऊधम सिंह नगर। केंद्रीय जनजातीय कार्यमंत्री जुएल ओराम ने गांधी जयंती के अवसर पर ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया और स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों के साथ विद्यालय परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया तथा सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया।
विद्यार्थियों से जाना पढ़ाई और भविष्य का सपना
केंद्रीय मंत्री ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक दिन या अभियान तक सीमित गतिविधि नहीं है, बल्कि इसे जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। स्वच्छ वातावरण बेहतर स्वास्थ्य, गरिमा, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लिए आवश्यक है।
प्रदर्शनी का किया अवलोकन
विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे के पृथक्करण, सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न प्रदर्शनियां लगाई थीं। केंद्रीय मंत्री ने इनका अवलोकन किया और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश केवल विद्यालय तक सीमित न रखें, बल्कि अपने परिवारों और गांवों तक भी पहुंचाएं। उन्होंने बच्चों को जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।
एकलव्य विद्यालय को उत्कृष्ट संस्थान बनाने पर जोर
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जुएल ओराम ने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्हें बेहतर शिक्षा, पर्याप्त संसाधन और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना सरकार और समाज की साझा जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर सुविधाएं और समान अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, बाजपुर को आवश्यक सुविधाओं और संसाधनों से सुसज्जित कर एक उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। विद्यालय में ऐसा शैक्षणिक वातावरण तैयार करने पर जोर रहेगा, जिससे यह भविष्य में सैनिक स्कूल और जवाहर नवोदय विद्यालय जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के स्तर की सुविधाओं एवं शैक्षणिक गुणवत्ता की दिशा में आगे बढ़ सके।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से की चर्चा
केंद्रीय मंत्री ने विद्यालय परिसर की स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और विद्यालय के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा की।
इस अवसर पर ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शशानी, जिला प्रशासन के अधिकारी, राज्य सरकार के प्रतिनिधि, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-कर्मचारी और स्थानीय समुदाय के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
चार दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं केंद्रीय मंत्री
केंद्रीय जनजातीय कार्यमंत्री जुएल ओराम चार दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं। इस दौरान वे एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों, जनजातीय शिक्षा एवं कल्याण, स्वच्छ भारत अभियान तथा वरिष्ठ नागरिक कल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं। वे उत्तराखंड में आयोजित ‘आदि रंगोत्सव’ में भी शामिल होंगे।