शिवगंगा एन्क्लेव में गूंजेंगे वैदिक मंत्र, 2 से 5 सितंबर तक होगा प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव

चार दिवसीय धार्मिक आयोजन, शोभायात्रा, वैदिक अनुष्ठान, हवन और विशाल भंडारे का होगा आयोजन

देहरादून। राजधानी देहरादून में धार्मिक आस्था से जुड़ा एक महत्वपूर्ण आयोजन होने जा रहा है। डांडा लखौंड, सहस्रधारा रोड स्थित शिवगंगा एन्क्लेव जन कल्याण समिति (रजि.) की ओर से पहले नर्मदेश्वर शिव मंदिर के निर्माण एवं मंदिर में मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर चार दिवसीय भव्य धार्मिक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

समिति के सचिव श्री निशीथ सकलानी ने बताया कि समिति की ओर से जारी आमंत्रण के अनुसार आयोजन में क्षेत्र के श्रद्धालुओं के साथ इष्ट-मित्रों और आसपास के लोगों को भी आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि समिति ने सभी श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर परिवार सहित उपस्थित होकर धार्मिक आयोजन में सहभागिता करने और पुण्य के भागी बनने का आग्रह किया है।

शोभायात्रा से होगा शुभारंभ

आयोजन के पहले दिन 2 सितंबर को प्रातः 8 बजे से कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। इस दौरान शोभायात्रा, कलश स्थापना, गणेश पूजा, मंगलाचरण एवं अन्नवास जैसे धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। शोभायात्रा के माध्यम से क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बनाने के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।

3 सितंबर को वस्त्रवास एवं फल-फूलवास

दूसरे दिन 3 सितंबर को प्रातः 8 बजे से वस्त्रवास, फल एवं फूलवास एवं यज्ञ का आयोजन होगा। वैदिक परंपराओं के अनुसार होने वाले इन अनुष्ठानों में श्रद्धालु भी सहभागिता कर सकेंगे।

4 सितंबर को वैदिक पूजा, हवन और प्राण-प्रतिष्ठा

महोत्सव के तीसरे दिन 4 सितंबर को प्रातः 8 बजे से वैदिक पूजा, हवन एवं मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान आयोजित किया जाएगा। इसी दिन श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव एवं पूर्णाहुति का भी आयोजन होगा। धार्मिक अनुष्ठानों और मंत्रोच्चार के बीच नव-निर्मित मंदिर में मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा का कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहेगा।

5 सितंबर को विशाल भंडारा और प्रसाद वितरण

आयोजन के अंतिम दिन 5 सितंबर को दोपहर 12:30 बजे से विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा। समिति की ओर से श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया गया है।

श्रद्धालुओं से परिवार सहित पहुंचने की अपील

शिवगंगा एन्क्लेव जन कल्याण समिति ने कहा कि मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थल ही नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का माध्यम भी है। समिति की ओर से क्षेत्रवासियों से अपील की गई है कि वे चार दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में परिवार सहित शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।

स्थान: शिवगंगा एन्क्लेव, डांडा लखौंड, सहस्रधारा रोड, देहरादून
आयोजन: शिवगंगा एन्क्लेव जन कल्याण समिति (रजि.)
अवधि: 2 सितंबर से 5 सितंबर 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *