‘137वें संस्करण में पीएम मोदी ने दिया नशामुक्त युवा और विकसित भारत का संदेश, सीएम बोले—युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का सशक्त माध्यम है ‘मन की बात’
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 137वां संस्करण रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंवावाला, देहरादून में सुना। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों और अभिनव प्रयासों को देश-दुनिया के सामने लाने का प्रभावी मंच बन चुका है।
नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में युवाओं को नशे से दूर रखने और ‘नशा मुक्त युवा—विकसित भारत’ के संकल्प को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही सशक्त और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के इस संदेश से युवाओं में नशे के विरुद्ध जागरूकता बढ़ेगी और स्वस्थ, सकारात्मक तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित युवा शक्ति को नई ऊर्जा मिलेगी।
युवाओं को इतिहास और विरासत से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत के गौरवशाली इतिहास और समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक रोचक एवं सरल तरीके से पहुंचाने के लिए किए जा रहे अभिनव प्रयासों का भी उल्लेख किया। ऐसे प्रयास युवाओं को देश के इतिहास से जोड़ने के साथ ही उनमें अपनी संस्कृति, विरासत और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करते हैं।
आम लोगों के असाधारण कार्यों को मिल रही राष्ट्रीय पहचान
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘मन की बात’ के माध्यम से देश के अलग-अलग क्षेत्रों में सामान्य नागरिकों द्वारा किए जा रहे असाधारण कार्यों, नवाचारों और जनभागीदारी के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान प्रदान कर रहे हैं। इससे समाज के अन्य लोगों को भी अपने क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा मिलती है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा नशामुक्त, स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, मदन कौशिक, भरत चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।