पर्यटकों की बंपर आमद से नैनीताल बेहाल, माल रोड से हाईकोर्ट मार्ग तक लंबा जाम

पार्किंग फुल होने से माल रोड, तल्लीताल और हाईकोर्ट मार्ग पर लंबा जाम, एम्बुलेंस भी फंसी; पर्यटन स्थलों पर दिनभर रही रौनक

नैनीताल। मानसून के बावजूद सरोवर नगरी नैनीताल में पर्यटकों का उत्साह कम नहीं हुआ। रविवार के वीकेंड पर हजारों पर्यटकों के पहुंचने से शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। माल रोड, तल्लीताल डांठ, हाईकोर्ट मार्ग, भवाली और हल्द्वानी प्रवेश मार्ग समेत कई प्रमुख सड़कों पर घंटों लंबा जाम लगा रहा, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

विशेष यातायात योजना लागू नहीं होने के कारण सुबह से ही बड़ी संख्या में पर्यटक वाहन शहर में प्रवेश करने लगे। सभी पार्किंग स्थल जल्दी भर जाने के बाद सड़क किनारे वाहनों की कतारें लग गईं और पूरा शहर जाम की चपेट में आ गया।

स्थिति तब और गंभीर हो गई जब रैमजे अस्पताल जा रही एक एम्बुलेंस भी जाम में फंस गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात सुचारु कर एम्बुलेंस को आगे निकाला।

दूसरी ओर, शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों—चिड़ियाघर, स्नोव्यू, केव गार्डन, वाटर फॉल और बॉटनिकल गार्डन—में दिनभर पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिली। नैनी झील में नौकायन के लिए भी लंबी कतारें लगी रहीं।

पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि फिलहाल पर्यटकों की अच्छी आमद से कारोबार में रौनक बनी हुई है, हालांकि मानसून तेज होने के साथ पर्यटकों की संख्या में कमी आने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *