देहरादून। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को गति देने के लिए अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में जनपद देहरादून के निर्वाचन अधिकारियों की बैठक लेकर विधानसभावार प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी रिटर्निंग अधिकारियों (आरओ) और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को 18 जून 2026 तक शत-प्रतिशत फार्म वितरण सुनिश्चित करने तथा डिजिटाइजेशन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे प्रतिदिन सुबह और शाम पोर्टल पर लॉगिन कर एसआईआर कार्यों की समीक्षा करें तथा प्रगति की नियमित निगरानी करें। जो फार्म पूर्ण रूप से भरकर प्राप्त हो चुके हैं, उन्हें बिना विलंब पोर्टल पर अपलोड किया जाए ताकि डिजिटाइजेशन कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा हो सके।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिन क्षेत्रों में प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष कार्ययोजना बनाकर अभियान को गति दी जाए। कम प्रगति वाले क्षेत्रों में बीएलओ को आवश्यक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देने के साथ-साथ अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने हाउसिंग सोसायटियों, कार्यालय परिसरों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक मतदाताओं को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया। साथ ही व्यापक जनजागरूकता के लिए विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार बढ़ाने और मतदाताओं को फार्म भरने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
बैठक में दी गई जानकारी के अनुसार जनपद देहरादून में कुल 13,76,813 मतदाता हैं। अब तक 3,27,236 ईएफएस फार्मों का वितरण किया जा चुका है तथा 16,748 फार्मों का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। वहीं 10,49,577 फार्मों का वितरण और 13,60,065 फार्मों का डिजिटाइजेशन अभी शेष है, जिसे निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, विभिन्न उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली सहित संबंधित आरओ एवं ईआरओ उपस्थित रहे। जबकि मसूरी के आरओ और संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े।