देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 12 और 13 जून को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। राष्ट्रपति के आगमन से पहले जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को ‘राष्ट्रपति निकेतन’ और ‘राष्ट्रपति आशियाना’ का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागों को बिजली, पेयजल, अग्नि सुरक्षा, वन एवं अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े फिटनेस और क्लियरेंस सर्टिफिकेट तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
132 एकड़ में विकसित हो रहा विश्वस्तरीय राष्ट्रपति उद्यान
राष्ट्रपति 12 जून को देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचकर राष्ट्रपति आशियाना परिसर में विकसित किए जा रहे 132 एकड़ के अत्याधुनिक राष्ट्रपति उद्यान का निरीक्षण करेंगी। यह पार्क हरियाली, स्वास्थ्य, पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है।
उद्यान में थीम पार्क, आधुनिक कैफेटेरिया, फूड कोर्ट, 2700 मीटर लंबा जॉगिंग एवं साइकिलिंग ट्रैक, 840 मीटर लंबा बोर्डवॉक, 800 दर्शकों की क्षमता वाला ओपन एयर थिएटर, योगा पवेलियन, व्यूइंग डेक, वॉटरफॉल डेक और आधुनिक स्पोर्ट्स जोन जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
आईएमए की पासिंग आउट परेड में होंगी मुख्य अतिथि
अपने दौरे के दूसरे दिन 13 जून को राष्ट्रपति Indian मिलिट्री अकैडमी में आयोजित 158वें रेगुलर कोर्स और 141वें टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स की पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
देहरादून की नई पहचान बनेगा राष्ट्रपति उद्यान
गौरतलब है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 20 जून 2025 को ‘राष्ट्रपति तपोवन’ और ‘राष्ट्रपति निकेतन’ का उद्घाटन करते हुए इस महत्वाकांक्षी राष्ट्रपति उद्यान की आधारशिला रखी थी। अब वह स्वयं इसके निर्माण कार्यों की प्रगति का निरीक्षण करेंगी।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान प्रशासन, सीपीडब्ल्यूडी, विद्युत, पेयजल, वन, परिवहन एवं अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।