मसूरी में भाजपा का फोकस वोटर लिस्ट शुद्धिकरण पर, घुसपैठियों के नाम रोकने पर चर्चा

मसूरी। भारतीय जनता पार्टी मसूरी मंडल की बैठक में वर्तमान में चल रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान एवं आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। बैठक में मतदाता सूची के शुद्धिकरण को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं से अभियान में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया गया।

बैठक में जानकारी दी गई कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में अब तक लगभग 14 हजार मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, जबकि करीब 2500 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। इस दौरान मृत व्यक्तियों तथा गलत पते पर दर्ज मतदाताओं के नाम हटाने, नए पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने, विवाह के बाद निवास परिवर्तन करने वाली महिलाओं के नाम स्थानांतरित कराने और 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने पर विशेष जोर दिया गया।

भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि पार्टी की प्राथमिकता एक स्वच्छ और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है। उन्होंने कहा कि किसी भी अवैध बाहरी व्यक्ति या घुसपैठिए का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो, इसके लिए बूथ स्तर पर सतर्कता बरतना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे बीएलए एवं स्थानीय पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सूची में मौजूद कमियों को दूर कराने तथा आवश्यक आपत्तियां दर्ज कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी सुरेंद्र राणा ने की। उन्होंने एसआईआर कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रभावी ढंग से पूरा करने पर जोर दिया। बैठक में भाजपा के आठ शक्ति केंद्रों के संयोजक, प्रभारी, बूथ अध्यक्ष एवं बीएलए-2 उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, गुड मोहन राणा, राकेश रावत, महामंत्री नरेंद्र मेलवान, जगजीत कुकरेजा, अरुण कुमार, कुणाल रावत, अमित भट्ट, गौरी थपलियाल, रणवीर कंडारी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *