हल्द्वानी। देश की सुरक्षा में समर्पित जवानों और उनके परिवारों के लिए एक बड़ी पहल करते हुए आकाश एजुकेशनल सर्विसेज लिमिटेड ने इंडियन आर्मी एवं प्रमुख पैरामिलिट्री फोर्सेज के साथ कई महत्वपूर्ण एमओयू साइन किए हैं। इन समझौतों का उद्देश्य देशभर के जवानों, पूर्व सैनिकों, शहीद परिवारों और उनके बच्चों को बेहतर शिक्षा, स्कॉलरशिप और करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
इस पहल के तहत बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF), सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) और इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस (ITBP) समेत कई सुरक्षा बलों के परिवारों को इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष शैक्षणिक सहायता दी जाएगी। छात्रों को एकेडमिक मेंटरिंग, करियर गाइडेंस और देशभर में कोचिंग सुविधाओं तक आसान पहुंच उपलब्ध कराई जाएगी।
आकाश एजुकेशनल सर्विसेज लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सीईओ चंद्र शेखर गरिसा रेड्डी ने कहा कि देश सेवा करने वाले जवानों के परिवारों को आगे बढ़ने का हर अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह पहल रक्षा परिवारों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर भविष्य देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
एमओयू के तहत ड्यूटी के दौरान शहीद हुए जवानों के बच्चों को रजिस्ट्रेशन फीस छोड़कर बाकी सभी फीस में 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी। वहीं 20 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले जवानों और गैलेंट्री अवार्ड प्राप्त सैनिकों के बच्चों को भी 100 प्रतिशत ट्यूशन फीस माफ की जाएगी। इसके अलावा कार्यरत और सेवानिवृत्त जवानों के बच्चों को 20 प्रतिशत तक ट्यूशन फीस में राहत मिलेगी।
बीएसएफ कर्मियों और उनके परिवारों के लिए भी विशेष स्कॉलरशिप योजना लागू की गई है। सर्विस के दौरान जान गंवाने वाले कर्मचारियों के बच्चों को ट्यूशन और अन्य शैक्षणिक शुल्क में पूरी छूट दी जाएगी, जबकि गैलेंट्री अवार्डी एवं दिव्यांग कर्मियों के बच्चों को 90 प्रतिशत तक ट्यूशन फीस माफी का लाभ मिलेगा।
सेवा भारत टाइम्स
“देश की रक्षा करने वालों के परिवारों को शिक्षा का मजबूत सहारा”