✍️ रामनगर (नैनीताल) | 18 अप्रैल 2026 : रामनगर वन प्रभाग के कालाढूंगी वन रेंज में जंगल के भीतर एक भालू का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही विभाग में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और अधिकारी तत्काल मौके के लिए रवाना हो गए।
जानकारी के अनुसार, कालाढूंगी रेंज के एक वन बीट क्षेत्र में नदी किनारे भालू का शव पड़ा हुआ मिला। सबसे पहले इस शव को सफारी जोन से गुजर रही एक गाड़ी में तैनात गार्ड ने देखा और तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और वन्यजीव प्रेमी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
वन विभाग ने तत्परता दिखाते हुए भालू के शव को कब्जे में लेकर रेस्क्यू वाहन के माध्यम से कालाढूंगी वन विश्राम गृह पहुंचाया। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने विधिवत पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की। पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल से आए विशेषज्ञ डॉक्टर हिमांशु पंक्ति और राहुल सती ने जांच को अंजाम दिया।
रामनगर की एसडीओ कामिनी आर्य ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्लॉथ बीयर (भालू की एक प्रजाति) प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया भालू की मौत पेड़ से गिरने के कारण होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल, वन विभाग पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
????“पेड़ से गिरने की आशंका या कुछ और? पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज”