ऋषिकेश में दिव्यांगजनों के लिए बनेगा आधुनिक इंडोर बैडमिंटन हॉल: डीएम सविन बंसल

देहरादून। जनपद देहरादून में दिव्यांगजनों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक सराहनीय पहल की है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में ऋषिकेश में दिव्यांगजनों के लिए राज्य का पहला आधुनिक इंडोर बैडमिंटन हॉल बनाया जा रहा है। इसका निर्माण कार्य शुरू हो चुका है।

यह परियोजना विशेष रूप से दिव्यांग खिलाड़ियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है, जिससे उन्हें सुरक्षित और अनुकूल खेल वातावरण मिल सके। जिला प्रशासन द्वारा इस हॉल के निर्माण के लिए कुल 62.67 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है, जो दो किश्तों में जारी की जा रही है। पहली किश्त के रूप में 25.41 लाख रुपये पूर्व में नगर निगम ऋषिकेश को जारी किए जा चुके हैं, जबकि शेष 37.26 लाख रुपये को भी मंजूरी दे दी गई है।

इस पहल से मेधावी दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा और वे राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगे। अब तक संसाधनों के अभाव में पीछे रह रहे प्रतिभाशाली खिलाड़ी इस आधुनिक सुविधा के माध्यम से अपने हुनर को नई उड़ान दे सकेंगे।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए बुनियादी सुविधाओं का विकास प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। यह इंडोर बैडमिंटन हॉल न केवल उनके शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाएगा, बल्कि उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरा हो, ताकि दिव्यांगजनों को जल्द से जल्द इस आधुनिक खेल सुविधा का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *